Pages

28 September 2023

बेलसोनिका यूनियन पर बोले गए हमले का पुरजोर विरोध करो!

 

       आखिर जिस बात की आशंका जताई जा रही थी वह घटित हो ही गई। हरियाणा के ट्रेड यूनियन रजिस्ट्रार ने एक संघर्षशील यूनियन का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया है। इस संघर्षशील तथा किसानों, छात्रों और सामाजिक मामलों में मुखर होकर भाग लेने वाली यूनियन का नाम बेलसोनिका यूनियन है। इस यूनियन का रजिस्ट्रेशन रद्द करने के लिए 23 सितंबर को अवकाश के दिन अपना कार्यालय खोला गया।

       ट्रेड यूनियन के रजिस्ट्रेशन को रद्द करने की वजह तो और भी दिलचस्प है। दरअसल बेलसोनिका यूनियन ने एक ठेका मजदूर को अपनी यूनियन की सदयस्ता दी थी। इस पर फैक्ट्री मैनेजमेंट ने आपत्ति दर्ज कराई थी और रजिस्ट्रार को यूनियन का रजिस्ट्रेशन रद्द करने के लिए पत्र लिखा था। रजिस्ट्रार ने यूनियन को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। यूनियन इस मामले को लेकर हाई कोर्ट गई जहां मामला अभी लंबित है। लेकिन रजिस्ट्रार ने इसी बीच यूनियन के रजिस्ट्रेशन को रद्द कर दिया। इस प्रकार बेलसोनिका यूनियन को एक ठेके के मजदूर को यूनियन की सदस्यता देने के 'अपराध' की सजा यूनियन रजिस्ट्रेशन रद्द कर दी जा रही है।


       मैनेजमेंट, ट्रेड यूनियन रजिस्ट्रार और श्रम विभाग इस प्रकार एकजुट होकर मजदूरों पर हमलावर हैं। नियम कानूनों और लोकतांत्रिक मूल्यों की खुलेआम हत्या करने में वे जरा भी नहीं हिचक रहे हैं।

       कारण बताओ नोटिस के बाद यूनियन ने ठेका मजदूर की सदयस्ता को अस्थाई रूप से रद्द कर दिया था। ठेका मजदूर इस मामले को लेकर हाई कोर्ट गए। यूनियन भी मैनेजमेंट के कारण बताओ नोटिस के खिलाफ हाईकोर्ट गई। दोनों मामलों में हाईकोर्ट ने रजिस्ट्रार को नोटिस जारी कर जवाब देने को कहा। रजिस्ट्रार ने हाईकोर्ट में जवाब तो नहीं दिया लेकिन मनमाने और फैक्ट्री मैनेजमेंट के इशारे और नाचते हुए यूनियन का रजिस्ट्रेशन ही रद्द कर दिया।


       यह हमला सिर्फ बेलसोनिका यूनियन पर ही नहीं है बल्कि पूरी मजदूर-मेहनतकश जनता पर है। यह हमला मजदूरों को अधिकार विहीन करने का है ताकि मालिक मजदूरों को जैसे चाहे वैसे निचोड़ सके।

       बेलसिनिका यूनियन और समस्त मजदूर-मेहनतकश जनता पर बोले गए इस हमले का परिवर्तनकामी छात्र संगठन पुरजोर विरोध करता है। साथ ही संघर्ष के मैदान में उतरे बेलसोनिका यूनियन के साथ अपनी एकजुटता जाहिर करता है।


क्रांतिकारी इस्तक़बाल के साथ
परिवर्तनकामी छात्र संगठन (पछास)

No comments:

Post a Comment