वाराणसी में IIT BHU के हजारों छात्र कक्षाएं छोड़कर धरना दे रहे हैं। वजह है, बीती 1 नवंबर (बुधवार) की देर रात बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) कैंपस में एक छात्रा का यौन उत्पीड़न। छात्रा IIT BHU में सेकेंड ईयर में अध्ययनरत है, परिसर में ही यौन उत्पीड़न हुआ। मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार मामले में दर्ज शिकायत के मुताबिक कुछ युवकों ने छात्रा के साथ मारपीट की, जबरन उसके कपड़े उतरवाए और तस्वीरें खींचीं। इस मामले में IPC की 354, 506 धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। इतनी गंभीर घटना होने के बावजूद अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी व छात्रा की मेडिकल जांच नहीं की गई है। आईआईटी के निदेशक आंदोलित छात्रों से बात करने को तैयार नहीं हैं।

