8 June 2024

NEET (UG) 2024 के परिणामों के बाद, एक बार फिर मेडिकल छात्रों की आत्महत्याओं की खबरें आ रही हैं!


इस बार NEET के परिणाम घोषित करने के लिए NTA ने 14 जून की तारीख घोषित की थी, लेकिन अचानक से इन्हें 4 जून को (लोकसभा चुनाव परिणामों की चर्चा के बीच) घोषित कर दिया गया। NTA द्वारा आयोजित कराए जाने वाली तमाम परीक्षाओं पर सवाल उठते रहे हैं, लेकिन इस बार के परिणामों में NTA ने खुलेआम धांधली की सारी हदें तक पार कर दी हैं।

67 छात्रों के 720/720 ! आखिर कैसे? साल 2023 में सिर्फ 2 छात्रों को फुल मार्क्स मिले थे, लेकिन इस बार 67 छात्रों ने 720 में से 720 मार्क्स लेकर AIR 1 हासिल कर लिया है।

इतना ही नहीं, इन 67 छात्रों में से 6 छात्र एक ही एग्जाम सेंटर पर पेपर देने गए थे। इसी सेंटर से 2 और टॉपर्स हैं, जिन्हें AIR 68 और 69 दे दिया गया है। सवाल उठता है कि एक ही एग्जाम सेंटर से 8 टॉप AIR वाले छात्र कैसे आ गए? क्या ये महज संयोग है या धांधली का प्रयोग है?

इन्हीं परिणामों में कुछ छात्रों के 720 में से 718 और 719 मार्क्स आए हैं। ध्यान रहे इस पेपर में, नेगेटिव मार्किंग लागू होती है। एक उदाहरण से देखें: यदि एक छात्र सारे प्रश्नों का सही जवाब देता है तो नंबर आएंगे: 720 यदि वो सिर्फ एक प्रश्न छोड़ देता है, तो नंबर आएंगे: 716 लेकिन यदि उसका एक प्रश्न गलत हो जाता है, तो नंबर आएंगे: 715 इसके अलावा कोई दूसरा रास्ता है ही नहीं की किसी से 718, 719 मार्क्स आ सकें। पहले तो NTA ने बिना कोई सूचना दिए, लोकसभा चुनावों के कोलाहल के बीच परिणाम जारी कर दिए। लेकिन जब इन परिणामों पर बहस शुरू हो गई तो NTA ने 6 जून को एक प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि जिन छात्रों को परीक्षा में कम समय मिल पाया था, उन्हें ग्रेस दी गई है! लेकिन आज तक छात्र पूछ रहे हैं कि ग्रेस देने के नियम क्या है? कितने मिनट खराब होने पर कितने नंबर देने का प्रावधान है?

ये सारे तथ्य बताते हैं कि अन्य परीक्षाओं की तरह NEET में भी बड़े स्तर पर धांधली हुई है जिसे NTA और सरकारी मशीनरी ढकने का प्रयास कर रहे हैं। एक तरफ ये परीक्षा छात्रों की जान ले रही है तो दूसरी तरफ धांधलियों के जरिए ईमानदारी से परीक्षा दे रहे छात्र-छात्राओं के साथ अन्याय किया जा रहा है। अगर कोई परीक्षा हजारों छात्रों का भविष्य बनाने के बजाए उनकी जिंदगी खत्म कर रही हो तो उसे बदलने की सख्त जरूरत है।पछास मांग करता है कि NEET परीक्षा में हुई धांधली की निष्पक्ष जांच करवाई जाए एवं इसके केंद्रीय ढांचे को खत्म कर राज्यस्तरीय परीक्षाएं करवाई जाएं।

No comments:

Post a Comment