8 May 2026

बिहार में TRE-4 का नोटिफिकेशन तुरन्त जारी करो!आंदोलित छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले दोषी पुलिस अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त करो!!


आज पटना के जेपी गोलंबर पर BPSC (Bihar public service commission) के छात्र TRE-4 (Teacher Recruitment Examination) का नोटिफिकेशन तुरंत जारी करने की मांग कर रहे थे। वह पिछले दो साल से भर्ती का इंतजार कर रहे हैं। अभ्यर्थियों पर पुलिस द्वारा किया गया बर्बर लाठीचार्ज भाजपा की सम्राट चौधरी सरकार के युवा-विरोधी चरित्र को बेनकाब करता है। भाजपा गठबंधन वाली ये सरकार नरेंद्र मोदी के फासीवादी शासन की राह पर है। यहां बेरोजगारी की भयावहता और छात्रों का सिर फोड़ने के बाद भी "सब चंगा सी" का शोर करती है। दूसरी तरफ मंत्रिमंडल विस्तार कर नई-नई कुर्सियां बांट नए-नए पड़ बांटती है।

आज नौकरी मांग रहे हजारों युवकों-युवतियों को दौड़ा-दौड़ाकर लाठियों से पीट रही है। जिसमें कई के सिर फूटे, खून बहा, जूते-चप्पल सड़कों पर बिखरे, छात्राओं को पुलिस वालों ने पैरों से कुचला। यह दृश्य बिहार के शासन की क्रूरता की हद है। 

यह महज एक भर्ती को सालों-साल लटकाना नहीं, बल्कि व्यवस्थागत धोखे का परिणाम है। लाखों अभ्यर्थियों की एक अदद नौकरी की उम्मीद को रौंदना और टालमटोल कर उनकी परेशानी को बढ़ाया जा रहा था। BPSC और सरकार बार-बार तारीखें बदल रही है, लेकिन विज्ञापन जारी नहीं कर रही है। बिहार में लाखों युवा बेरोजगारी की आग में जल रहे हैं। परीक्षाएं टाल दी जाती हैं, विज्ञापन रोके जाते हैं, लेकिन सत्ता भ्रष्टाचार और सियासी सेटिंग में व्यस्त है। जब अभ्यर्थी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी वैध मांग लेकर निकलते हैं, तो जवाब मिलता है केवल लाठियां, वॉटर कैनन और मुकदमे।

यह सत्ता युवाओं के बेहतर भविष्य की दुश्मन है। “विकसित बिहार” का नारा युवाओं के खून से रंगा जा रहा है। संवैधानिक अधिकारों का इस "विकसित भारत" और "विकसित बिहार" में छात्रों, मजदूरों-मेहनतकशों के लिए कोई मतलब नहीं है। रोजगार की मांग या अभिव्यक्ति की आजादी को कुचलने वाली बिहार सरकार भी फासीवादी प्रवृत्ति ही दिखा रही है। दिन-रात हिन्दू-मुसलमान करने वाली सरकार ने बेरोजगारों के सिर फोड़े- किसी हिन्दू-मुसलमान के नहीं। यही आज देशभर में सरकारें छात्रों के साथ कर रही हैं। इसका विरोध किया जाना जरूरी है।

परिवर्तनकामी छात्र संगठन इस लाठीचार्ज की कठोर निंदा करते हुए सरकार से मांग करता है लाठीचार्ज करने वाले पुलिस अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त किया जाए। तुरंत TRE-4 का विज्ञापन जारी किया जाए। छात्र-युवा आंदोलन का दमन करना बंद किया जाए। बिहार के संघर्षरत छात्रों के साथ एकजुटता व्यक्त करता है। इस हेतु सभी छात्रों-युवाओं से संघर्ष के लिए एकजुट होने की अपील करता है। 

क्रांतिकारी अभिवादन के साथ 
केंद्रीय कार्यकारणी 
परिवर्तनकामी छात्र संगठन (पछास)